केरल की नन्ही आलिन शेरिन अब्राहम का अंगदान: माता-पिता के साहस को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का नमन

Spread the love

रांची : मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, रांची से जारी प्रेस विज्ञप्ति (101/2026) के अनुसार, हेमन्त सोरेन ने केरल की दिवंगत नन्ही बिटिया आलिन शेरिन अब्राहम के अंगदान को मानवता की अद्भुत मिसाल बताया है।


मुख्यमंत्री ने अपने एक्स (X) हैंडल पर ट्वीट कर कहा कि केरल की नन्ही बिटिया आलिन शेरिन अब्राहम का नाम आज पूरे देश को भावुक कर रहा है। अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता के लिए असहनीय होता है, लेकिन ऐसे कठिन समय में श्रीमती शेरिन एन जॉन और श्री अरुण अब्राहम ने अपनी पुत्री के अंगदान का निर्णय लेकर अद्भुत साहस, त्याग और करुणा का परिचय दिया है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल अंगदान नहीं, बल्कि मानवता के प्रति अटूट विश्वास का जीवंत प्रमाण है। आलिन का जीवन भले ही अल्पकालिक रहा, परंतु आज वह कई घरों की उम्मीद बनकर जीवित है और अमर हो गई है।


उन्होंने आगे कहा कि आलिन के माता-पिता का यह निर्णय पूरी मानवता के लिए एक अमिट मिसाल है, जो हर सीमा, भाषा और भेदभाव से ऊपर है। मुख्यमंत्री ने नन्ही आलिन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए माता-पिता के अद्वितीय साहस को नमन किया।


मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन की संवेदनशीलता की भी सराहना की, जिन्होंने दिवंगत आलिन के अंतिम संस्कार को राजकीय सम्मान देकर इस मानवीय संदेश को और ऊंचाई दी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि “दूसरों को जीवन देने का महादान है – अंगदान।” उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि झारखंड राज्य में अंगदान नीति को और सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार हर आवश्यक कदम उठाएगी।

Leave a Reply