
झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन के साथ आज रामगढ़ जिले के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा स्थित माँ छिन्नमस्तिका मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता रानी से झारखंड राज्य के सभी नागरिकों की सुख, समृद्धि, खुशहाली और निरंतर उन्नति की कामना की।

मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार नारियल बलि अर्पित किया, रक्षा सूत्र बंधवाया और श्रद्धा के साथ शीश झुकाकर माता छिन्नमस्तिका का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर के पुरोहितों ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा सम्पन्न कराई।

इस अवसर पर रजरप्पा मंदिर न्यास समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन का स्वागत किया और उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री का यह दौरा राज्य की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। रजरप्पा स्थित माँ छिन्नमस्तिका मंदिर झारखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु दर्शन और पूजा के लिए पहुंचते हैं।














