दावोस और यूके दौरे की तैयारी: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने की समीक्षा, झारखंड को मिलेगा वैश्विक निवेश मंच

Spread the love

रांची | मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने 18 से 26 जनवरी 2026 तक प्रस्तावित दावोस एवं यूनाइटेड किंगडम (लंदन) दौरे की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, कांके रोड, रांची में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में अधिकारियों के साथ दौरे से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके नेतृत्व में झारखंड का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक में भाग लेगा। यह पहला अवसर होगा जब झारखंड का प्रतिनिधिमंडल इस वैश्विक मंच पर सहभागिता करेगा, जिसे राज्य के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।

दावोस में प्रस्तावित बैठकों के माध्यम से झारखंड की खनिज संपदा, औद्योगिक ढांचा, सतत विकास आधारित नीति, पर्यटन क्षमता और निवेश की व्यापक संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और उद्योगपतियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इससे संबंधित विभागीय तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।

दावोस यात्रा के बाद प्रतिनिधिमंडल लंदन का दौरा करेगा, जहां संस्थागत, शैक्षणिक एवं निवेश-उन्मुख सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं। इसके साथ ही नीति एवं ज्ञान आधारित संवाद तथा भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ भी संवाद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि निवेश के दृष्टिकोण से यह अंतरराष्ट्रीय दौरा राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी तैयारियाँ समन्वित, प्रभावी और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएँ। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि झारखंड सरकार राज्य को एक प्रमुख वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने विश्वास जताया कि दावोस और यूनाइटेड किंगडम का यह दौरा झारखंड में निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply