दावोस से लंदन पहुँचे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, झारखंड के स्कॉलर्स और डायसपोरा ने किया भव्य व भावनात्मक स्वागत ।

Spread the love

लंदन/रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक एवं महिला एवं बाल विकास समिति, झारखंड विधानसभा की अध्यक्ष कल्पना मुर्मू सोरेन प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों के साथ बुधवार देर रात लंदन पहुँचे। इससे पहले मुख्यमंत्री दावोस दौरे पर थे। लंदन पहुँचने पर झारखंड के स्कॉलर्स और प्रवासी (डायसपोरा) समुदाय के सदस्यों ने उनका ज़ोरदार और आत्मीय स्वागत किया।


लंदन में निवास कर रहे झारखंड के लोगों ने पारंपरिक जनजातीय गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से मुख्यमंत्री और उनकी धर्मपत्नी का भावनात्मक अभिनंदन किया। अपने राज्य के मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर प्रवासी झारखंडी समाज उत्साह और गर्व से भर उठा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा, “देर रात लंदन पहुँचने पर अपनों द्वारा हुए इस स्नेहपूर्ण स्वागत से मैं अभिभूत हूँ। आप सबका धन्यवाद, जोहार। आप सब विदेश में रहते हुए भी झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं, यह हम सभी के लिए गर्व की बात है।”

वहीं विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि हेमन्त जी एवं प्रतिनिधिमंडल के साथ लंदन पहुँचकर झारखंड के स्कॉलर्स और डायसपोरा सदस्यों का स्नेह और सम्मान पाकर मन भावुक हो गया। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “सभी को झारखंडी जोहार।”


प्रवासी झारखंडियों का यह आत्मीय स्वागत अपने मुख्यमंत्री के प्रति उनके स्नेह, सम्मान और जुड़ाव को दर्शाता है। इस दौरान उपस्थित लोगों ने झारखंड की संस्कृति, परंपरा और पहचान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

Leave a Reply