79वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर आयुक्त ने की पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक ।

Spread the love

रांची के सभागार में आयुक्त श्री अंजनी कुमार मिश्र की अध्यक्षता में स्वतत्रंता दिवस 2025 समारोह की  तैयारियों को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई।

बैठक में 15 अगस्त 2025 को 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों- आमंत्रण पत्र, राष्ट्रगान, मंच-पंडाल की समुचित व्यवस्था, महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं माल्यार्पण, परेड रिहर्सल, चिकित्सा व्यवस्था,पेयजल व्यवस्था, सड़कों की मरम्मती एवं साफ सफाई, विद्युतीकरण, सुरक्षा व्यवस्था आदि विषयों पर सम्बंधित विभागों के पदाधिकारियों की समीक्षा हुई।



कार्यक्रम को लेकर आयुक्त ने दिये आवश्यक दिशा-निर्देश:-

स्वतंत्रता दिवस समारोह (15 अगस्त, 2025) के अवसर पर माननीय राज्यपाल, झारखण्ड के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए झंडोत्तोलन कार्यक्रम की समुचित व्यवस्था ससमय सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। साथ ही माननीय राज्यपाल की सुरक्षा के पुख्ता इंतेज़ाम करने का निर्देश उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को दिया गया। सभी गणमान्य व्यक्तियों को ससमय आमंत्रण पत्र, गेट पास आदि उपलब्ध करा दिया जाए तथा कोई भी व्यक्ति न छूटे, यह सुनिश्चित कर लिया जाए।

आयुक्त द्वारा नगर निगम के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बिरसा मुण्डा समाधि स्थल के आस-पास के क्षेत्रों की पूरी तरह से साफ-सफाई करा लें। साथ ही शहर के मुख्य समारोह स्थल तक जाने वाली सभी सड़कों एवं पूरे शहर की साफ सफाई कराने का भी निदेश दिया।



बैठक में  परेड कमांडर ने बताया कि  इस बार  परेड में  14 सुरक्षा बल की टुकड़ियां भाग लेंगी। फाइनल रिहर्सल  यानि 13 अगस्त को किया जाएगा। सलामी मंच की समुचित व्यवस्था ससमय पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मंच की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोई चूक होने की संभावना न रहे।

इसके अतिरिक्त माइक सिस्टम की गुणवत्ता, वाहन की पार्किंग के लिए स्थान चिन्हित करना, एम्बुलेन्स एवं अग्निशमन वाहन की समुचित व्यवस्था, बैरिकेडिंग, विद्युतीकरण एवं आवश्यकता अनुसार जेनरेटर की व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था आदि करने का निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिया।



बैठक में उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री, उप प्रशासक रांची नगर निगम, नगर पुलिस अधीक्षक, रांची,पुलिस उपाधीक्षक, यातायात,रांची, आयुक्त के सचिव, उपनिदेशक सूचना एवं जनसंपर्क, जिला परिवहन पदाधिकारी, रांची,अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था रांची, सार्जेंट मेजर पुलिस लाइन, कांके,जिला नजारत उप समाहर्त्ता, सिविल सर्जन, रांची कार्यपालक अभियंता विद्युत कार्य प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता पद प्रमंडल रांची, अग्निशमन पदाधिकारी, विद्युत कार्यपालक अभियंता,  सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply