दिल्ली से कांग्रेस का स्पष्ट संदेश: झारखंड में संगठन को धार देने की ठोस रणनीति तय, विधायक भूषण बाड़ा ने रखे अहम सुझाव ।

Spread the love

आगामी चुनावों को लेकर कांग्रेस अब किसी भी प्रकार की ढिलाई के मूड में नहीं दिख रही है। इसी कड़ी में राजधानी दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल की अध्यक्षता में झारखंड के कांग्रेस विधायकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।


बैठक का स्पष्ट संदेश था कि झारखंड में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक आक्रामक एवं सक्रिय बनाया जाए तथा जनता से जुड़े मुद्दों पर भाजपा को सीधी और प्रभावी चुनौती दी जाए। केसी वेणुगोपाल ने सभी विधायकों और नेताओं को निर्देश दिया कि आने वाले दिनों में संगठनात्मक गतिविधियों में तेज़ी लाई जाए और जनता के बीच रहकर संघर्ष की राजनीति को और धार दी जाए।


बैठक में झारखंड प्रदेश प्रभारी के. राजू ने संगठन की वर्तमान स्थिति, विपक्षी दलों की रणनीति और आगामी चुनावी परिदृश्य को लेकर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर गांव, हर टोला और हर बूथ पर सक्रिय होकर जनता के सवालों को मजबूती से उठाएं।


कांग्रेस जिला अध्यक्ष सह सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने बैठक में संगठन की मजबूती को लेकर बेबाकी से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता आज भी कांग्रेस की विचारधारा पर भरोसा करती है, लेकिन इस भरोसे को संगठित ताकत में बदलना अब सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाने, निष्क्रियता पर सख्ती करने और जनसंघर्ष को प्राथमिकता देने पर ज़ोर दिया।

भूषण बाड़ा ने कहा कि आदिवासी, दलित, किसान और मज़दूर वर्ग आज महंगाई, बेरोज़गारी और अधिकारों के हनन से परेशान है और कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जो उनकी आवाज़ को मजबूती से उठा सकती है। संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाने का भी उन्होंने सुझाव दिया।


बैठक में विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, राजेश कच्छप, सोना राम सिंकु, सुरेश बैठा समेत अन्य विधायकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति से नेतृत्व को अवगत कराया। सभी ने एक स्वर में कहा कि भाजपा की नीतियों से जनता में नाराज़गी बढ़ रही है, जिसे कांग्रेस को जन आंदोलन में बदलना होगा।


बैठक में सोशल मीडिया को और प्रभावी बनाने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा महिला संगठन को सशक्त करने पर विशेष ज़ोर दिया गया।

Leave a Reply