रांची | राजधानी रांची स्थित कांग्रेस भवन में बुधवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा भव्य सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की गरिमामयी उपस्थिति रही।

यह सदस्यता अभियान ज्योति सिंह माथारू की पहल पर समाजसेवी श्री सुखपाल सिंह नामधारी, श्री गुरदीप सिंह एवं श्री प्रितपाल सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें सिख समुदाय के सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम के दौरान सभी नए सदस्यों का पार्टी नेतृत्व द्वारा अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया गया। प्रदेश कांग्रेस ने इसे जनहितकारी नीतियों, सामाजिक समरसता और विकासोन्मुख विचारधारा के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया।
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव सर्वधर्म समभाव और भाईचारे की पक्षधर रही है। उन्होंने सिख समुदाय के ऐतिहासिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सम्मानित लोगों के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और प्रदेश में पार्टी की विचारधारा और सशक्त होगी।

वहीं वरिष्ठ नेता सुबोध कांत सहाय ने कहा कि कांग्रेस समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने इसे विचारों की एकजुटता का प्रतीक बताते हुए नए सदस्यों से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
ज्योति सिंह माथारू ने सिख समुदाय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों और सम्मान की रक्षा की है।

सदस्यता ग्रहण करने वाले समाजसेवी श्री सुखपाल सिंह नामधारी ने कहा कि पार्टी की समावेशी नीति और जनहित के कार्यों से प्रेरित होकर सिख समाज के लोग बड़ी संख्या में जुड़ रहे हैं और संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम में प्रदेश मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी, सोनाल शांति, कृषि विपणन अध्यक्ष रवीन्द्र सिंह, महानगर अध्यक्ष कुमार राजा एवं सह कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा सहित कई गणमान्य नेता उपस्थित रहे।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में अर्जुन सिंह, जगजीत सिंह, जसी लोहिया, राजवीर सिंह, सरबजीत सिंह, समरजीत सिंह, प्रीति पाल सिंह, मनजीत सिंह, तलविंदर शोरा, जयदीप सिंह, रमनप्रीत सिंह, जसमीत सुखविंदर, नरपिंदर सिंह, हरप्रीत जग्गी, जसकरण डोरा, गौरव कुमार, वेदव्यास भारती, मिथिलेश दुबे, मुकेश कुमार, रोहित कुमार, अमित कुमार, त्रिलोचन सिंह, प्रिया रंजन, देवराज घोष, सैफ अली खान, राजीव रंजोत सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसे संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है और उम्मीद जताई है कि नए साथियों के जुड़ने से पार्टी का जनाधार और सशक्त होगा।