
रांची, 25 मार्च 2026: रामनवमी महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने शिष्टाचार भेंट की।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को आगामी 27 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली भव्य रामनवमी शोभायात्रा में सपरिवार शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने सभी आमंत्रणों को हर्षपूर्वक स्वीकार करते हुए सभी को रामनवमी की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के वातावरण में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं आयोजन समितियों से अपील की कि असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

मुलाकात के दौरान विभिन्न समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें महावीर मंडल एवं रामनवमी श्रृंगार समिति से जुड़े कई प्रमुख सदस्य शामिल थे। साथ ही रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन भी मौजूद रहे।



