
रांची: झारखंड में लंबे समय से लंबित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के आयोजन को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर JTET परीक्षा जल्द आयोजित करने की मांग की।

संघ ने कहा कि राज्य के लाखों प्रशिक्षित शिक्षक अभ्यर्थी पिछले लगभग 9 वर्षों से JTET परीक्षा के आयोजन का इंतजार कर रहे हैं। परीक्षा नहीं होने के कारण अभ्यर्थियों का भविष्य अनिश्चित होता जा रहा है और राज्य में शिक्षकों की कमी भी लगातार बनी हुई है, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

ज्ञापन में सरकार से कई अहम मांगें रखी गईं। इनमें JTET की संशोधित नियमावली को जल्द कैबिनेट से पारित करने, परीक्षा की तिथि और परिणाम की समय-सीमा घोषित करने तथा NCTE के दिशा-निर्देशों के अनुसार हर वर्ष नियमित JTET परीक्षा आयोजित करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा संघ ने यह भी मांग की कि B.Ed और D.El.Ed के एपियरिंग अभ्यर्थियों को भी परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाए तथा JTET परीक्षा आयोजित कर शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए, ताकि राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इस दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही परीक्षा आयोजन को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो अभ्यर्थी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।
संघ ने राज्य सरकार से अभ्यर्थियों के भविष्य और राज्य की शिक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।
