
रांची: झारखंड सरकार ने राज्य में आधुनिक और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखंड परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स लिमिटेड के बीच जमशेदपुर में इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (IDTR) की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि IDTR की स्थापना राज्य के परिवहन क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक पहल है। इससे युवाओं को आधुनिक तकनीक आधारित ड्राइविंग प्रशिक्षण मिलेगा, उनकी रोजगार क्षमता बढ़ेगी और सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह संस्थान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप कुशल चालक तैयार करेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पलामू, धनबाद, सरायकेला-खरसावां समेत विभिन्न जिलों के लाभुकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ड्राइविंग और लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा अधिकारियों को लंबित आवेदनों का त्वरित और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया को सरल, सुलभ और समयबद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विशेष रूप से हेवी व्हीकल ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया को भी आसान बनाने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।

उन्होंने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष बल देते हुए कहा कि परिवहन क्षेत्र में महिलाओं को समान अवसर दिए जाएंगे। ड्राइविंग प्रशिक्षण और लाइसेंस प्रक्रिया को महिलाओं के लिए और अधिक सुलभ बनाया जाएगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आज राज्य के 10 हजार से अधिक नागरिकों को ड्राइविंग और लर्निंग लाइसेंस उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य आम लोगों को पारदर्शी, तेज और बेहतर परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में मंत्री दीपक बिरुआ, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, सचिव राजीव रंजन, परिवहन आयुक्त संजीव कुमार बेसरा, टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग छारिया, जनरल मैनेजर गोलम मंडल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

