रांची: सीएम हेमंत सोरेन से ईडी कल( बुधवार) को दोपहर के एक बजे पूछताछ करेगी. सीएम हेमंत सोरेन ने इडी पर राजनीति से प्रेरित होकर चुनी हुई सरकार को काम करने से रोकने का आरोप लगाया. उन्होंने इडी द्वारा 20 जनवरी को पूछे गये सवालों को तथ्यों से परे और गलत करार दिया. साथ ही बजट सत्र की व्यस्तता के बावजूद 31 जनवरी को अपने आवास पर ही बयान दर्ज कराने पर सहमति देते हुए इडी को इ-मेल भेजा था. अपनी आपत्तियों के साथ ही मुख्यमंत्री ने बयान दर्ज कराने के लिए इडी को 31 जनवरी को दोपहर एक बजे अपने आवास पर बुलाया है।

तीन ठिकाने पर ईडी ने की थी छापेमारी:-
सोमवार की सुबह करीब सात बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तलाश में दिल्ली के शांति निकेतन स्थित उनके आवास, झारखंड भवन और शिबू सोरेन को आवंटित सांसद आवास पर छापा मारा था. जमीन खरीद बिक्री मामले में पूछताछ के लिए समय निर्धारित नहीं करने की वजह से इडी ने मुख्यमंत्री की तलाश में दिल्ली में छापा मारा था. हालांकि सीएम अपने आवास पर नहीं मिले थे.रांची के क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक निदेशक देवव्रत झा नेतृत्व में की गयी छापेमारी में दिल्ली ईडी के अधिकारियों का दल शामिल था।
सीएम हेमंत के दिल्ली स्थित आवास से 36 लाख बरामद, ईडी ने दो कार भी जब्त किये-
कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के दौरान ईडी ने हेमंत सोरेन के दिल्ली आवास से 36 लाख नकद बरामद किये हैं. साथ ही ईडी ने दो कार भी जब्त किये हैं. गौरतलब है कि ईडी की टीम ने सोमवार को सीएम हेमंत सोरेन के दिल्ली स्थित आवास पर दबिश दी है. हालांकि ईडी के अधिकारी सोमवार शाम करीब सात बजे सीएम के आवास से बाहर निकल गये थे. लेकिन कुछ देर के बाद ईडी के अधिकारी बिना कुछ बोले दोबारा सीएम हेमंत सोरेन के घर के अंदर चले गये और हेमंत सोरेन की पर्सनल गाड़ी की जांच की. इस दौरान गाड़ी के अंदर से कुछ कागजात मिले, जिसे ईडी के अधिकारियों ने अपने कब्जे में लिया. वहीं ईडी अपने साथ हरियाणा नंबर की एक बीएमडब्ल्यू कार भी ले गयी थी।
