
रांची। रांची नगर निगम ने शहर के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल पहाड़ी मंदिर क्षेत्र में अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। निगम प्रशासक के निर्देशानुसार 13 जनवरी 2026 को निगम की इनफोर्समेंट टीम द्वारा पहाड़ी मंदिर के मुख्य द्वार के दोनों ओर एवं आसपास के संपूर्ण क्षेत्र में अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया गया।

नगर निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर के बाहर अस्थायी रूप से लगाई जा रही दुकानों को हटाया। साथ ही, बंदोबस्ती के अंतर्गत आवंटित दुकानों के बाहर अवैध रूप से बनाए गए चबूतरों, टीन शेड और मार्ग पर मौजूद अन्य अवैध संरचनाओं को भी हटाकर जब्त किया गया।

जांच में पाया गया कि पहाड़ी मंदिर परिसर के बाहर निगम द्वारा आवंटित 40 दुकानों में से 33 दुकानदारों ने निर्धारित क्षेत्रफल से बाहर अतिक्रमण कर रखा था, जिससे मार्ग संकीर्ण हो गया था और यातायात बाधित हो रहा था। नियमों के उल्लंघन पर निगम ने 33 दुकानों पर ₹25,000 प्रति दुकान की दर से जुर्माना लगाया है। वहीं, जांच में 7 दुकानों में किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं पाया गया।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि पुनः नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित दुकानों का आवंटन रद्द करते हुए उन्हें काली सूची में डालने की कार्रवाई की जाएगी। निगम ने यह भी दोहराया कि पहाड़ी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार योजनाबद्ध कदम उठाए जा रहे हैं।

अंत में रांची नगर निगम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि पहाड़ी मंदिर और इसके आसपास के क्षेत्रों को कूड़ा मुक्त और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में निगम का सहयोग करें।

