
रांची। श्री शिव बारात आयोजन महासमिति, पहाड़ी मंदिर की ओर से मंगलवार को महाशिवरात्रि की झांकी को भव्य एवं विशाल स्वरूप देने के उद्देश्य से पहाड़ी मंदिर प्रांगण में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुरानी समिति को भंग करते हुए सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष महाशिवरात्रि पर निकलने वाली शिव बारात झांकी पूर्णतः इको-फ्रेंडली होगी और प्लास्टिक-मुक्त आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। आयोजन में पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर यह भी तय किया गया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उपस्थित रहेंगे।

मुख्य संरक्षक श्री सुबोधकांत सहाय, मुख्य संयोजक कुणाल अजमानी बनाए गए। सर्वसम्मति से राजेश साहू को अध्यक्ष, देवाशीष राय को कोषाध्यक्ष, रिवाल्डो वर्मा (राजू) को सचिव तथा बादल सिंह को प्रवक्ता नियुक्त किया गया।
इसके अलावा संरक्षक, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, मंत्री, आयोजन प्रभारी, बारात प्रभारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं मंदिर के पुजारीगण सहित विभिन्न दायित्वों पर अनेक गणमान्य व्यक्तियों को जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। बैठक में बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे और सभी ने आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
समिति के अनुसार, इस वर्ष की शिव बारात झांकी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देगी।
