चट्टी बरियातू में धरना के बीच पूर्व मंत्री योगेंद्र प्रसाद व पूर्व विधायक निर्मला देवी 24 घंटे की पुलिस हिरासत में

Spread the love

हजारीबाग | हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत चट्टी बरियातू में चल रहे धरना-प्रदर्शन के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। स्थानीय मांगों और विस्थापन से जुड़े मुद्दों को लेकर चल रहे अनिश्चितकालीन धरने में शामिल होने पहुंचे पूर्व मंत्री योगेंद्र प्रसाद और पूर्व विधायक निर्मला देवी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।


जानकारी के अनुसार, यह धरना NTPC के चट्टी बरियातू कोल माइंस परियोजना क्षेत्र में चल रहा था। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा विस्थापन, मुआवजा और रोजगार से संबंधित मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलन किया जा रहा है। दोनों नेता इसी धरने में शामिल होकर समर्थन देने पहुंचे थे।


बुधवार को पुलिस की विशेष टीम अचानक धरना स्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों नेताओं को अपने साथ बड़कागांव थाना ले गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए एहतियातन यह कार्रवाई की गई है।


सूत्रों के अनुसार, दोनों को 24 घंटे तक पुलिस हिरासत में रखा जा सकता है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और समर्थकों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।


फिलहाल पुलिस मामले की निगरानी कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply