
राँची | राँची स्थित सरला बिरला पब्लिक स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के कक्षा 5 के छात्रों के लिए दीक्षांत समारोह बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। यह समारोह छात्रों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ, जहाँ वे अपनी शैक्षणिक यात्रा के अगले चरण की ओर बढ़ने के लिए तैयार दिखे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें सम्मानित अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके बाद विद्यालय के गायन समूह द्वारा मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने पूरे वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।
समारोह में प्रस्तुत ‘उम्मीद की उड़ान’ नामक नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया और आशा व आकांक्षा का सशक्त संदेश दिया। वहीं ‘ओजस और प्रवाह’ नामक विशेष शैक्षणिक पुरस्कार सत्र में छात्रों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इन पुरस्कारों में ‘बीकन ऑफ ब्रिलियंस’, ‘एंबेसडर ऑफ एक्सीलेंस’, ‘लिटिल लेजेंड’, ‘एकेडमिक चैंपियन’ और ‘नॉलेज पायनियर’ शामिल रहे।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब छात्रों ने अपने माता-पिता को धन्यवाद कार्ड भेंट कर उनके सहयोग और मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके अलावा ‘क्रिसलिस – किंडरगार्डन से ग्रेजुएशन तक की यात्रा’ नामक लघु नाटिका ने छात्रों के विकास और परिवर्तन को बेहद खूबसूरती से प्रस्तुत किया।

दीक्षांत समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में छात्रों को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विशेष रूप से कक्षा 5 ‘बी’ के छात्र नबील अहमद को कई श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। उनके अभिभावकों को इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया, जिन्होंने एक भावुक संबोधन में अपने अनुभव साझा किए और विद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा ने छात्रों को प्रेरणादायी संदेश देते हुए अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ विश्वास के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखने, नियमितता बनाए रखने और पैरेंट-टीचर मीटिंग में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ देशभक्ति के माहौल में हुआ।





