
रांची: देवों के देव महादेव के पावन विवाह उत्सव के अंतर्गत रांची स्थित प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर में पहाड़ी बाबा का भव्य हल्दी-मेहंदी एवं संगीत समारोह श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। श्री शिव बारात आयोजन महासमिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सनातन परंपराओं और वैदिक विधि-विधान का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान 21 महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में विधिवत हल्दी कूटने की रस्म निभाई, जबकि 108 दीपों का प्रज्वलन कर पूरे मंदिर परिसर को आध्यात्मिक प्रकाश से आलोकित किया गया। गंगाजल से भगवान शिव का स्नान कराया गया और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महादेव को हल्दी अर्पित की गई। इस दौरान भजन, संगीत और धार्मिक अनुष्ठानों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

महासमिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन आगामी भव्य शिव बारात से पूर्व श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से जोड़ने के उद्देश्य से किया गया। इस आयोजन ने पूरे शहर में शिव विवाह उत्सव का माहौल बना दिया है और श्रद्धालुओं में उत्साह का संचार किया है।
कार्यक्रम में महासमिति के अध्यक्ष राजेश साहू, प्रवक्ता बादल सिंह, रिवाल्डो वर्मा, रजनीश सिंह भोलू, शुभाशीष चटर्जी, उपाध्यक्ष स्वपना चटर्जी, मीरा गुप्ता, प्रियंका सिंह जिया, प्रिया सिन्हा, किरण प्रसाद सहित बड़ी संख्या में शिव भक्त उपस्थित रहे।

महासमिति के प्रवक्ता बादल सिंह ने बताया कि शिव विवाह उत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में भव्य शिव बारात का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।