
नई दिल्ली/रांची। झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत, आधुनिक और जनहितकारी बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। गुरुवार को नई दिल्ली में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भारत सरकार के केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव से महत्वपूर्ण बैठक की। लगभग एक घंटे तक चली इस बैठक में झारखंड की स्वास्थ्य संरचना को नई ऊँचाइयों पर ले जाने से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर गहन चर्चा हुई।
केंद्र सरकार ने झारखंड सरकार द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कई बिंदुओं पर सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की। इस बैठक में झारखंड स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार भी उपस्थित रहे।
🌿 झारखंड को मिलेगा आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल
खनिज और औषधीय पौधों से समृद्ध झारखंड में अब तक आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज का अभाव रहा है। इस मुद्दे को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मजबूती से केंद्र के समक्ष रखा। उन्होंने एक सरकारी एवं एक निजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना का प्रस्ताव दिया, जिस पर केंद्र सरकार ने सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दी है। इससे आयुष चिकित्सा के क्षेत्र में झारखंड को नई पहचान मिलेगी।

🧪 मेडिकल कॉलेजों और सदर अस्पताल में हाईटेक लैब
राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों एवं रांची सदर अस्पताल में जापानी तकनीक से लैस अत्याधुनिक हाईटेक लैब स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है। इससे मरीजों को सटीक जांच और बेहतर इलाज की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी।

🎓 MBBS और PG सीटों में बड़ी बढ़ोतरी
धनबाद के SNMCH मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर के MGM मेडिकल कॉलेज सहित अन्य संस्थानों में MBBS सीटों को 100 से बढ़ाकर 250 करने और PG सीटों में वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया है। केंद्र सरकार ने निरीक्षण के बाद इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया है।
🏥 हर जिले में वेलनेस हेल्थ सेंटर (हेल्थ कॉटेज)
झारखंड के सभी जिलों में वेलनेस हेल्थ सेंटर/हेल्थ कॉटेज के निर्माण पर सहमति बनी है। यह केंद्र-राज्य के 60:40 वित्तीय सहयोग से तैयार होंगे, जिससे बेहतर वातावरण में इलाज संभव हो सकेगा।
💳 अबुआ स्वास्थ्य योजना को मिलेगा केंद्र का सहयोग
झारखंड सरकार की अबुआ स्वास्थ्य योजना के तहत ₹15 लाख तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा को और प्रभावी बनाने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग की मांग की गई। केंद्रीय मंत्री ने तत्काल दो अस्पतालों के नाम भेजने का निर्देश दिया है।
⭐ झारखंड हेल्थ मॉडल की सराहना

केंद्रीय मंत्री ने झारखंड के हेल्थ मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार राज्य को पूरा सहयोग देगी। उन्होंने झारखंड आने का निमंत्रण भी स्वीकार किया।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस बैठक को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और राज्य में कुशल डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी।