बजट सत्र को लेकर कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक, मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने गांव-गांव तक विकास पहुंचाने की दोहराई प्रतिबद्धता

Spread the love

रांची: झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्रीमती दीपिका पाण्डेय सिंह ने आज रांची में आयोजित कांग्रेस विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया। यह बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी श्री भूपेन्द्र मरावी, कांग्रेस विधायक दल के नेता श्री प्रदीप यादव, उपनेता श्री राजेश कच्छप सहित कांग्रेस के मंत्रीगण और विधायक उपस्थित रहे।


बैठक के दौरान झारखंड विधानसभा के आगामी बजट सत्र को लेकर व्यापक और गंभीर चर्चा की गई। इस दौरान राज्य के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सामाजिक न्याय को और अधिक सशक्त बनाने तथा आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर कांग्रेस की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।


मंत्री श्रीमती दीपिका पाण्डेय सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास और पंचायती राज से जुड़ी योजनाओं को मजबूती के साथ लागू किया जा रहा है, ताकि गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं जैसे सड़क, पानी, आवास और अन्य आवश्यक सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।


उन्होंने यह भी कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए विकास की गति को तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में आगामी बजट सत्र के दौरान जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए समन्वित रणनीति बनाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।


कांग्रेस विधायक दल की इस बैठक को आगामी बजट सत्र की तैयारी के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में जनहित, विकास और सामाजिक न्याय के मुद्दों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply