
बड़ादाहा (धनबाद) : झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren आज धनबाद के बलियापुर प्रखंड अंतर्गत बड़ादाहा स्थित पूर्व विधायक आनंद महतो के आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री वहां उनके दिवंगत सुपुत्र डॉ. बुद्धदेव महतो के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिवंगत डॉ. बुद्धदेव महतो की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं विधायक Kalpana Soren ने भी डॉ. बुद्धदेव महतो की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री एवं विधायक कल्पना सोरेन ने पूर्व विधायक आनंद महतो एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढ़स बंधाया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
