
रांची: रांची जिले के माण्डर प्रखंड में आज माण्डर आजीविका न्याय सलाह केंद्र, एकल सुविधा केंद्र तथा माण्डर आजीविका महिला संकुल संगठन के कार्यालयों का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और अधिकार-संपन्न बनाने के लिए लगातार प्रभावी पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि आजीविका न्याय सलाह केंद्र और एकल सुविधा केंद्र महिलाओं को न्याय, आजीविका और सरकारी योजनाओं तक आसान और एकीकृत पहुंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर OSF परियोजना के अंतर्गत सखी मंडल से जुड़ी 115 महिला उद्यमियों को कुल ₹59,72,000 की सामुदायिक उद्यम निधि (CEF) प्रदान की गई। इसके साथ ही लाभुकों के बीच आजीविका से संबंधित परिसंपत्तियों का भी वितरण किया गया। मंत्री ने कहा कि यह पहल महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने, आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने में सहायक सिद्ध होगी।

कार्यक्रम के दौरान जेंडर शपथ दिलाकर सामाजिक समानता, सम्मान और जागरूकता का संदेश भी दिया गया। मंत्री ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण से ही समाज और राज्य का समग्र विकास संभव है।

इस अवसर पर झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की भी उपस्थित रहीं। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिला केंद्रित योजनाएं ग्रामीण विकास की मजबूत नींव हैं और इससे समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, झारखंड राज्य आजीविका मिशन के प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।






