
रांची: चतरा जिले के सिमरिया में हुए दर्दनाक एयर एंबुलेंस हादसे की जांच तेज हो गई है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की टीम मंगलवार को जांच के लिए रांची पहुंची और एयर एंबुलेंस के टेक ऑफ से जुड़े दस्तावेजों और प्रक्रियाओं की जांच शुरू की।
DGCA की टीम ने सबसे पहले रांची एयरपोर्ट पर एयर एंबुलेंस के टेक ऑफ से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की। जांच के दौरान टेक ऑफ के समय मौसम की स्थिति, फ्लाइट क्लियरेंस, पायलट की ब्रीफिंग, एयर ट्रैफिक कंट्रोल के साथ समन्वय और सुरक्षा मानकों के पालन की गहन समीक्षा की जा रही है। खराब मौसम की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार DGCA की टीम बुधवार सुबह रांची से चतरा के सिमरिया स्थित दुर्घटनास्थल के लिए रवाना होगी। घटनास्थल पर टीम मलबे की स्थिति, ब्लैक बॉक्स (यदि उपलब्ध), तकनीकी उपकरणों और इंजन के हिस्सों की जांच करेगी। इसके साथ ही टेक ऑफ से लेकर दुर्घटनास्थल तक के पूरे रूट की तकनीकी मैपिंग भी की जाएगी, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
जांच पूरी होने के बाद टीम शाम तक रांची लौटकर प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार करेगी। अधिकारियों के अनुसार हादसे के सभी पहलुओं की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की जाएगी।
फिलहाल इस दुर्घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं, जैसे क्या टेक ऑफ से पहले सभी सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था और क्या मौसम संबंधी चेतावनियों को नजरअंदाज किया गया। राज्य सरकार और केंद्र की एजेंसियां मिलकर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।