रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद मुख्य सचिव राज्य की विधि व्यवस्था को लेकर समीक्षा करेंगे. मुख्य आज( गुरुवार) दिन के 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक करेंगे. इस बैठक में डीजीपी, एडीजी अभियान सभी आयुक्त, आईजी स्पेशल ब्रांच, आईजी अभियान, जोनल आईजी, रेंज के डीआईजी, जिले के डीसी और एसपी शामिल होंगे. हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद राज्यभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. पुलिस मुख्यालय के द्वारा झारखंड के सभी जिलों के एसपी को अपने अपने जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।

सभी जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात:-
मिली जानकारी के अनुसार वरीय अधिकारी निर्देश मिलने के बाद वैसे जिले जहां झामुमो के कार्यकर्ताओं के द्वारा विरोध प्रदर्शन की आशंका जताई गई है वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं. जरूरत पड़ने पर यह भी निर्देश दिया गया है कि धारा 144 लागू करें. निर्देश जारी होने के बाद झारखंड के सभी जिलों में पुलिस अलर्ट पर है. सभी पुलिस कप्तानों ने अपने-अपने जिलों में पुलिस अफसरों के साथ विशेष बैठक कर सतर्कता बरतने को लेकर रणनीति भी तैयार की है।

रांची में भी सुरक्षा बढ़ी:-
वहीं दूसरी तरफ झारखंड की राजधानी रांची में भी पुलिस हाई अलर्ट पर है. सभी संवेदनशील जगहों पर पुलिस की गस्त बढ़ा दी गई है. सभी थाना प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्र में पेट्रोलिंग करने की हिदायत दी गई है. सीएम हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी पर झारखंड के आदिवासी और मूलवासी संगठनों में रोष है. सीएम की गिरफ्तारी के विरोध में संगठनों ने गुरुवार 1 फरवरी 2024 को झारखंड बंद का एलान किया है. इसको लेकर राज्यभर में विभिन्न आदिवासी संगठन के नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन करने वाले हैं. इसके अलावा राजधानी रांची में व्यापक विरोध प्रदर्शन होने के आसार हैं।
