जमशेदपुर: 14 दिन बाद सकुशल मिले युवा उद्यमी कैरव गांधी, गया-हजारीबाग बॉर्डर से पुलिस ने किया बरामद ।

Spread the love

जमशेदपुर: शहर के बिष्टुपुर सीएच एरिया निवासी युवा उद्यमी कैरव गांधी, पिता कारोबारी देवांग गांधी, को पुलिस ने 14 दिनों के बाद सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने उन्हें मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे गया-हजारीबाग बॉर्डर के पास से अपराधियों के चंगुल से मुक्त कराया।


उल्लेखनीय है कि कैरव गांधी का अपहरण बीते 13 जनवरी को कदमा-सोनारी लिंक रोड के पास फिल्मी अंदाज में किया गया था। अपहरणकर्ता सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से आए और दिनदहाड़े उन्हें अगवा कर फरार हो गए थे। इस घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई थी और पुलिस पर लगातार दबाव बढ़ता जा रहा था।


जिस रहस्यमयी तरीके से कैरव गांधी लापता हुए थे, लगभग उसी तरह रहस्यमयी परिस्थितियों में उन्हें सकुशल परिवार को सौंपा गया है। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया।

इसके साथ ही खुफिया तंत्र और मुखबिरों को सक्रिय किया गया तथा संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की गई।
इन्हीं प्रयासों के तहत मंगलवार तड़के घेराबंदी कर पुलिस ने कैरव गांधी को अपराधियों के चंगुल से छुड़ा लिया। बरामदगी के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें उनके आवास पहुंचाया गया, जहां परिवार ने राहत की सांस ली।


हालांकि पुलिस अभी भी इस मामले में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस अपहरण कांड के पीछे सक्रिय गिरोह का जल्द ही खुलासा किया जा सकता है।

Leave a Reply