
रांची: जेसीआई रांची द्वारा “वन टीम वन विजन” एवं “लीड कनेक्ट इवॉल्व ’26” के अंतर्गत नौवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए “Speak to Lead” प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन जेसीआई कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में प्रभावी संवाद कौशल, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना था।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान विद्यार्थियों को मंच पर बोलने के डर (स्टेज फियर) को दूर करने, प्रभावी पब्लिक स्पीकिंग की तकनीकों को समझने तथा आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि बेहतर कम्युनिकेशन स्किल्स विद्यार्थियों को न केवल स्कूल स्तर की वाद-विवाद प्रतियोगिताओं, समूह चर्चाओं और प्रस्तुतियों में सफलता दिलाती हैं, बल्कि भविष्य में कॉलेज एडमिशन और नौकरी के इंटरव्यू में भी प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, निर्णय लेने की योग्यता बढ़ाने, टीम मैनेजमेंट की समझ विकसित करने तथा अकादमिक एवं व्यावसायिक जीवन में प्रभावी संवाद के महत्व से भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर मुख्य प्रशिक्षक के रूप में जेसी सीए अभिषेक केडिया (पूर्व जोन प्रेसिडेंट 2016 एवं जोन ट्रेनर) तथा जेसी सीए निखिल अग्रवाल (जोन ट्रेनर) उपस्थित रहे। दोनों विशेषज्ञों ने व्यावहारिक उदाहरणों, इंटरैक्टिव गतिविधियों और प्रेरणादायक सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रभावी संवाद और नेतृत्व के महत्वपूर्ण गुर सिखाए।
कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन जेसीआई रांची की टीम की देखरेख में किया गया। इस दौरान अध्यक्ष जेसी अभिषेक जैन, सचिव जेसी साकेत अग्रवाल, जेसी आदित्य जालान (वीपी-ट्रेनिंग), जेसी ऋषभ अग्रवाल (डायरेक्टर-ट्रेनिंग), जेसी अभिनव अनूप गर्ग (प्रोजेक्ट चेयरमैन) एवं जेजे आद्यंत टांटिया (जेजे चेयरमैन) सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक और भविष्य के लिए लाभदायक बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।
JCI Ranchi के प्रवक्ता जेसी रवि सामोता ने बताया कि संस्था भविष्य में भी युवाओं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
