नई दिल्ली। भारत मंडपम, नई दिल्ली में शुरू हुए विश्वस्तरीय फूड एक्सपो (वर्ल्ड फूड इंडिया 2025) में झारखंड ने अपनी फूड और प्रोसेसिंग इंडस्ट्री का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव ने झारखंड मंडप का उद्घाटन किया और राज्य की समृद्ध खाद्य परंपरा एवं उद्योग जगत की संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने रखा।

मंत्री श्री यादव ने कहा—
> “फूड एक्सपो नई बातें सीखने और अपनी विशेषताओं को दुनिया तक पहुँचाने का बेहतरीन मंच है। झारखंड के स्वादिष्ट व्यंजन और प्राकृतिक संसाधन हमारी पहचान बन सकते हैं। स्वादिष्ट भोजन और स्वस्थ शरीर झारखंड सरकार का मिशन है। मैं सभी उद्यमियों से अपील करता हूँ कि वे इस मिशन से जुड़ें।”
स्वाद और स्वास्थ्य का संगम : झारखंड के व्यंजन
उद्योग मंत्री ने कहा कि झारखंड के खाद्य पदार्थ न केवल स्वादिष्ट हैं बल्कि स्वास्थ्यवर्धक भी हैं। मडुआ (रागी) से बने व्यंजन विश्व स्तर पर लोकप्रिय हो रहे हैं। इसी तरह उड़द दाल से बने पकवान पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इसके अतिरिक्त कई स्थानीय और पारंपरिक व्यंजन ऐसे हैं, जिन्हें अपनाकर स्वाद और स्वास्थ्य दोनों को नया आयाम दिया जा सकता है।


वनोपज और तसर की अनोखी पहचान
उन्होंने कहा कि झारखंड वनोपज के लिए भी प्रसिद्ध है। यहाँ का तसर पूरी दुनिया में अपनी खास पहचान रखता है। मंत्री ने बढ़ते मिलावट और नकली उत्पादों के चलन पर चिंता जताई और मौलिक एवं प्राकृतिक खाद्य पदार्थों के उत्पादन को बढ़ावा देने की अपील की। साथ ही राज्यवासियों से आग्रह किया कि वे स्थानीय खाद्य पदार्थों की खपत बढ़ाएँ और उनकी विशेषताओं को देश-दुनिया तक पहुँचाएँ।
कार्यक्रम में रही झारखंड की खास उपस्थिति
इस अवसर पर उद्योग निदेशक श्री विशाल सागर भी उपस्थित रहे। झारखंड मंडप में प्रदर्शित विविध व्यंजनों और वनोपजों ने आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।