
झारखंड में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने झारखंड पुलिस को आधुनिक संसाधनों से लैस करने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में पुलिस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने झारखंड पुलिस के लिए स्वीकृत 1255 महिंद्रा बोलेरो और 1699 दोपहिया टीवीएस अपाचे वाहनों में से पहले चरण में 636 बोलेरो और 859 अपाचे बाइक को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न जिलों के पुलिस थानों के लिए रवाना किया। इन वाहनों के शामिल होने से पुलिस की कार्य क्षमता, त्वरित प्रतिक्रिया और क्षेत्र में गश्ती व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जिलों में संयुक्त थाना भवनों का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया। यह पहल राज्य की पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इसके साथ ही राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला (Forensic Science Laboratory) के लिए 9 वैज्ञानिक सहायकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए, जिससे वैज्ञानिक जांच प्रणाली को और मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन राज्य की सुरक्षा व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य बनने के बाद संभवतः यह पहला अवसर है जब इतनी बड़ी संख्या में पुलिस वाहनों को सीधे पुलिस थानों को सौंपा जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि यह इस पहल का पहला चरण है और इसका दूसरा चरण भी जल्द पूरा किया जाएगा। पिछले लगभग 25 वर्षों में राज्य में कई नए थानों की स्थापना हुई है और पुलिस बल की संख्या भी बढ़ी है, लेकिन इसके साथ अपराध के तरीके भी बदलते जा रहे हैं और अपराधी नई तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

इन चुनौतियों को देखते हुए झारखंड पुलिस लगातार स्वयं को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और नए संसाधनों से मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।

