
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे राज्य के मेधावी छात्रों एवं शोधकर्ताओं ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी स्कॉलर्स का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री से मिलने वाले स्कॉलर्स में डॉ. रेजिना हांसदा (लेक्चरर, डेवलपमेंट एंड जस्टिस, यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबर्ग, यूके), डॉ. रिचर्ड टोप्पो (ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी एवं इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ सोशल स्टडीज), सुश्री माधुरी खलखो (पीएचडी स्कॉलर, स्कूल ऑफ ओरिएंटल एंड अफ्रीकन स्टडीज, यूके), सुश्री रूबी हेंब्रम (पीएचडी स्कॉलर, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, यूके) और सुश्री नोलीना मिंज (मास्टर्स, यूनिवर्सिटी ऑफ सेंट एंड्रूज, यूके) शामिल थीं।

इस दौरान स्कॉलर्स ने मुख्यमंत्री श्री सोरेन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच और शिक्षा के प्रति मजबूत विजन के कारण झारखंड के छात्र आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा के दौरान मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा परदेशीय छात्रवृत्ति योजना के लाभुक छात्रों से मुलाकात ने राज्य के छात्रों में नई प्रेरणा और आत्मविश्वास का संचार किया है।

स्कॉलर्स ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री की सोच है कि वर्ष 2050 तक इस योजना के माध्यम से झारखंड के अधिक से अधिक छात्र विदेशों में उच्च शिक्षा और रिसर्च कर राज्य का नाम रोशन करें। उन्होंने राज्य के आदिवासी छात्रों को शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा गुरुजी के सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा के बाद आज झारखंड के आदिवासी छात्र ऑक्सफोर्ड जैसे विश्व प्रसिद्ध विश्वविद्यालयों में अध्ययन कर रहे हैं, जो राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य झारखंड के छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में प्रतिवर्ष 25 छात्र मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा परदेशीय छात्रवृत्ति योजना का लाभ उठा रहे हैं और आने वाले समय में लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने सभी स्कॉलर्स को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा उम्मीद जताई कि वे भविष्य में अपने ज्ञान और अनुभव से राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।