झारखंड के 25 वर्ष का गौरव: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रचार जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

Spread the love

झारखंड राज्य स्थापना के 25वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री आवासीय परिसर रांची में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जन-जागरूकता हेतु संचालित प्रचार वाहनों का फ्लैग ऑफ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने शामिल होकर प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ये प्रचार वाहन राज्य के सभी जिलों, प्रखंडों एवं गांवों में भ्रमण कर झारखंड के 25 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएंगे। इस पहल का उद्देश्य राज्य के युवाओं, महिलाओं, किसानों और समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना तथा योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।



इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने राज्यवासियों को रजत जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि—

> “25 वर्षों की यह यात्रा झारखंड के आत्मगौरव, संघर्ष और उन्नति की कहानी है। जिस दृष्टि और संकल्प के साथ राज्य का निर्माण हुआ, सरकार उसे और अधिक तेज गति से सार्थक करने के लिए संकल्पबद्ध है।”



मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती भी मनाई जा रही है, जो झारखंड के आदिवासी-मूलवासी समाज के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक है। यह वर्ष संघर्ष से सशक्तिकरण तक की ऐतिहासिक यात्रा का उत्सव है।

🏞 झारखंड की संस्कृति की दिखी अद्भुत झलक

कार्यक्रम में झारखंड की पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत, वाद्य यंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। दुमका के संताली बैंड सहित स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोक कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, एकता और परंपरा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

🏛 कार्यक्रम में प्रमुख गणमान्य उपस्थित

इस आयोजन में मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, उपायुक्त रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक श्री राजीव लोचन बख्शी, जनसंपर्क विभाग के अधिकारीगण एवं अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply