पेसा कानून को कैबिनेट की मंजूरी पर झामुमो ने मनाया जश्न, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दिया धन्यवाद ।

Spread the love

रांची। राज्य की बहुप्रतीक्षित पेसा कानून को झारखंड सरकार के कैबिनेट से स्वीकृति मिलने पर पूरे राज्य में खुशी का माहौल है। इसी कड़ी में पेसा कानून के पारित होने की खुशी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करने और उन्हें बधाई देने के उद्देश्य से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) रांची जिला की ओर से भव्य जुलूस निकाला गया।

झामुमो रांची जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम के नेतृत्व में अल्बर्ट एक्का चौक पर बाजे-गाजे, रंग-अबीर और मिठाइयों के वितरण के साथ कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक खुशियां मनाईं। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महुआ मांझी ने राज्य की जनता को बधाई देते हुए कहा कि पेसा कानून लागू होने से आदिवासी-मूलवासी समाज के हक-अधिकारों की रक्षा होगी और ग्राम स्वशासन की व्यवस्था और अधिक सशक्त बनेगी।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि वे जो कहते हैं, वही करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा झारखंड के आदिवासी-मूलवासी समाज को अपने दिल में रखते हैं और केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस निर्णय लेते हैं। पेसा कानून को कैबिनेट से पारित कर उन्होंने जनता का विश्वास और मजबूत किया है।


इस मौके पर झामुमो के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में पेसा कानून के लिए राज्य सरकार के निर्णय का स्वागत किया और मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर गर्व व्यक्त किया।

Leave a Reply