गिरिडीह में झामुमो का 53वां स्थापना दिवस समारोह, कल्पना सोरेन ने कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह

Spread the love

गिरिडीह | गिरिडीह में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के 53वें स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की धर्मपत्नी एवं गांडेय विधानसभा क्षेत्र की विधायक कल्पना सोरेन मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि वे ऐसे ऐतिहासिक अवसर की साक्षी बनीं, जो संघर्ष, समर्पण और जनविश्वास की लंबी यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि झामुमो आज सिर्फ एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि एक मजबूत विचारधारा और जनआंदोलन बन चुका है, जिसकी जड़ें राज्य के हर कोने, हर गांव और हर परिवार तक गहराई से फैली हुई हैं।


उन्होंने कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन उन जुझारू और समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों का परिणाम है, जिन्होंने अपने संघर्ष और त्याग से इसे सींचा है। आज झामुमो जिस मजबूती के साथ खड़ा है, उसमें कार्यकर्ताओं की मेहनत और राज्यवासियों का अटूट विश्वास सबसे बड़ी ताकत है।

कल्पना सोरेन ने आगे कहा कि यही जनविश्वास और समर्थन झामुमो को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और हर चुनौती का सामना करने की शक्ति प्रदान करता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आह्वान किया कि वे इसी एकजुटता और समर्पण के साथ आगे बढ़ते रहें, ताकि झारखंड के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिनमें जबरदस्त उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।

Leave a Reply