
रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जेपीएससी अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए उम्र सीमा में छूट की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने सदन में बताया कि झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के लिए कटऑफ डेट अब अगस्त 2026 के बजाय अगस्त 2022 मानी जाएगी।
दरअसल, पिछले दो दिनों से कई विधायकों ने कटऑफ डेट में छूट देने की मांग उठाई थी। राज्य में नियमित रूप से सिविल सेवा परीक्षा नहीं होने के कारण हजारों अभ्यर्थियों की उम्र निर्धारित सीमा से अधिक हो गई थी। इसे देखते हुए छात्रों ने आठ साल की छूट की मांग की थी।
हालांकि सरकार आठ साल की छूट देने के पक्ष में नहीं थी। कार्मिक प्रशासनिक विभाग ने अधिकतम तीन साल की छूट का प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट में भेजा था, लेकिन मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अब अभ्यर्थियों को कुल चार साल की राहत मिलेगी।
नई व्यवस्था के तहत सामान्य श्रेणी के अभ्यर्थी अब 38 वर्ष तक परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। वहीं, सामान्य श्रेणी के नि:शक्त अभ्यर्थियों को 48 वर्ष तक परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। अन्य श्रेणियों के अभ्यर्थियों को भी उनकी निर्धारित आयु सीमा के अनुसार अतिरिक्त छूट का लाभ मिलेगा।
सरकार के इस फैसले से लंबे समय से परीक्षा का इंतजार कर रहे हजारों युवाओं को बड़ी राहत मिली है। अभ्यर्थियों के बीच इस घोषणा को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखी जा रही है।