JSSC Assistant Acharya Result 2026: भाषा विषय का संशोधित रिजल्ट जारी, 1265 अभ्यर्थी सफल

Spread the love

रांची: झारखंड में सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के तहत कक्षा 6 से 8 तक के भाषा विषय का संशोधित परीक्षाफल जारी कर दिया है। इस संशोधित रिजल्ट में कुल 1265 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है।

सुप्रीम कोर्ट के 17 सितंबर 2026 के आदेश के अनुपालन में आयोग ने भाषा विषय के पूर्व में प्रकाशित परीक्षाफल को रद्द करते हुए संशोधित परिणाम जारी किया है। इस रिजल्ट में 24 जिलों के अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है।

जिलावार परिणाम की बात करें तो रांची जिले से सबसे अधिक 155 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। वहीं पलामू से 130, हजारीबाग से 66, गढ़वा से 65, बोकारो से 64 और देवघर से 64 अभ्यर्थियों को सफलता मिली है। इसके अलावा धनबाद, दुमका, गोड्डा, गिरिडीह, रामगढ़ समेत अन्य जिलों के अभ्यर्थी भी सफल हुए हैं।

दरअसल, सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा के परिणाम को लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में आयोग ने पहले जारी किए गए परिणाम में संशोधन किया और अब नया परीक्षाफल प्रकाशित किया है।

वहीं, भाषा विषय के सहायक आचार्य पद पर पहले से 1100 से अधिक अभ्यर्थी कार्यरत बताए जा रहे हैं। संशोधित रिजल्ट में सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर अब आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।

इस मामले में 4 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका पर सुनवाई निर्धारित है। ऐसे में न्यायालय की सुनवाई के बाद नियुक्ति प्रक्रिया और संशोधित रिजल्ट से जुड़े अन्य मामलों पर स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।

फिलहाल संशोधित रिजल्ट जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल है। वहीं अन्य अभ्यर्थियों की नजर अब सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई और सरकार के अगले फैसले पर टिकी हुई है।

Leave a Reply