
रांची। झारखंड के लिए यह गर्व का क्षण है कि राज्य के प्रतिभाशाली कलाकारों की एक टीम का चयन 26 जनवरी को नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह की झांकी में भाग लेने के लिए हुआ है। यह झांकी झारखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति और जनजातीय विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगी।
राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित युवा कलाकारों एवं संगीतकारों की यह टीम शिक्षिका सह लोकगायिका सुषमा नाग के नेतृत्व में लोकप्रिय कलशा नृत्य की प्रस्तुति देगी। इस नृत्य के माध्यम से उरांव जनजातीय सभ्यता, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रूप में दर्शाया जाएगा।

इस अवसर पर केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की ने चयनित कलाकारों को मिठाई खिलाकर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने इसे झारखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कलाकारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि सभी प्रतिभागी राज्य व देश का नाम रोशन करेंगे।
झांकी के जरिए झारखंड की लोककला, संगीत और नृत्य की अनूठी छटा देश-विदेश के दर्शकों तक पहुंचेगी, जिससे राज्य की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी।