
असम विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो चुकी है। इसी कड़ी में झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren की धर्मपत्नी और विधायक Kalpana Soren इन दिनों असम में सक्रिय चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं।

कल्पना सोरेन लगातार विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं कर रही हैं और जनता से सीधे संवाद स्थापित कर रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने चबुआ विधानसभा क्षेत्र में JMM प्रत्याशी भूपेन सिंह मुरारी के समर्थन में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।

अपने संबोधन में कल्पना सोरेन ने कहा कि जिस प्रकार का जनसमर्थन और लोगों का उत्साह देखने को मिल रहा है, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि असम की जनता इस बार बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि अधिकार, सम्मान और बेहतर भविष्य की लड़ाई है।

उन्होंने आगे कहा कि उनकी यह लड़ाई आदिवासी समाज, चाय बागान के श्रमिकों और उन सभी परिवारों के लिए है, जो वर्षों से अपने अधिकारों से वंचित रहे हैं। अब समय आ गया है कि लोग अपनी आवाज बुलंद करें और अपने हक के लिए एकजुट हों।

जनसभा के दौरान उन्होंने “तीर-धनुष” के चुनाव चिन्ह पर वोट देने की अपील करते हुए कहा कि इस बार बदलाव तय है और जनता अपने अधिकारों के साथ समझौता नहीं करेगी।
असम में JMM की बढ़ती सक्रियता और कल्पना सोरेन की रैलियों में उमड़ रही भीड़ ने चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
