
रांची: राजधानी रांची में देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई बार और रेस्तरां में छापेमारी की। यह कार्रवाई रातू रोड स्थित मॉल ऑफ रांची के प्रसिद्ध रेस्तरां “लार्ड ऑफ ड्रिंक (LOD)” और गोंदा थाना क्षेत्र के कांके रोड स्थित पंचरत्न हाइट में संचालित रोमियोलेन बार सहित अन्य स्थानों पर की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन करते हुए निर्धारित समय के बाद भी शराब परोसी जा रही थी। साथ ही, हाई कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करते हुए तेज आवाज में डीजे भी बजाया जा रहा था, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। छापेमारी के दौरान कई अनियमितताएं सामने आई हैं, जिसके बाद संबंधित बार और रेस्तरां के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह अभियान सिर्फ एक-दो स्थानों तक सीमित नहीं था, बल्कि शहर के अन्य बार और क्लबों में भी देर रात तक छापेमारी जारी रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।