
रांची: राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में रांची के एसएसपी राकेश रंजन शुक्रवार देर रात अचानक शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने सड़कों पर उतर आए।
देर रात किए गए इस औचक निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने शहर के कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील इलाकों का दौरा किया। इनमें बिरसा चौक, मेन रोड (एकरा मस्जिद सहित अन्य संवेदनशील पॉइंट), हरमू बायपास रोड और अरगोड़ा चौक शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी, गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच की। इस दौरान एक पुलिस पदाधिकारी की ड्यूटी में लापरवाही सामने आई, जिस पर एसएसपी राकेश रंजन ने कड़ा रुख अपनाते हुए उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।

एसएसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने और शहर में लगातार गश्त करने का निर्देश दिया।
पुलिस प्रशासन के इस सख्त रुख से यह साफ संकेत है कि राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है।
