JTET अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज: छात्र नेता बबलू महतो समेत कई घायल, AJSU ने की कड़ी निंदा

Spread the love

रांची: झारखंड विधानसभा के समक्ष JTET परीक्षा आयोजित कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों और छात्र नेताओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में छात्र आजसू के कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो समेत कई छात्र घायल हो गए।


इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आजसू पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि JTET परीक्षा के आयोजन की मांग को लेकर छात्र शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा के समक्ष प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस प्रशासन ने लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें छात्र नेता बबलू महतो सहित कई छात्र घायल हो गए।

उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और आजसू पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है। डॉ. भगत ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन द्वारा छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है।


उन्होंने कहा कि सरकार लाठीचार्ज कर अपनी छात्र विरोधी मानसिकता को उजागर कर रही है। आजसू पार्टी ने मांग की है कि जिस पुलिस अधिकारी के आदेश पर लाठीचार्ज किया गया है, उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।


साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि छात्रों की मांग को ध्यान में रखते हुए JTET परीक्षा का जल्द से जल्द आयोजन कराया जाए, ताकि लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिल सके।

Leave a Reply