
लोहरदगा के बीएस कॉलेज मैदान में आयोजित बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का भव्य समापन समारोह मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस रोमांचक फाइनल मुकाबले में लोहरदगा लायंस ने पलामू जगलर्स को 8 विकेट से हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। मुख्यमंत्री ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है और यहां के युवा खिलाड़ियों ने देश और दुनिया में राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि विश्व क्रिकेट में महेंद्र सिंह धोनी जैसे खिलाड़ियों ने झारखंड की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है, वहीं हॉकी में भी राज्य के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल क्रिकेट और हॉकी ही नहीं, बल्कि तीरंदाजी, फुटबॉल, लॉनबॉल सहित अन्य खेलों में भी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर प्रदान करना है। इसके लिए राज्य में प्रभावी खेल नीति के तहत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि झारखंड अब केवल खनिज संपदा के लिए ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों की प्रतिभा और उपलब्धियों के लिए भी जाना जाएगा। मुख्यमंत्री ने बीएस कॉलेज मैदान के विकास में राज्य सरकार और पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू के योगदान की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह मैदान खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

इस अवसर पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने दोनों क्रिकेटरों से राज्य में खेल विकास की संभावनाओं और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा भी की।
समापन समारोह में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक रामचंद्र सिंह, विधायक भूषण बाड़ा, विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, विधायक राजेश कच्छप, पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।












