
नई दिल्ली: देशभर में आम लोगों को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। वहीं 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत भी 115 रुपये तक बढ़ा दी गई है। नए दाम 7 मार्च 2026 से लागू कर दिए गए हैं और इन्हें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपडेट कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में अप्रैल 2025 के बाद पहली बार बढ़ोतरी की गई है।
अब 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है।
वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 879 रुपये से बढ़कर 939 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये हो गई है।
इसी तरह 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में भी 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में अब इसकी कीमत 1883 रुपये और मुंबई में 1835 रुपये हो गई है।

कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1875.50 रुपये से बढ़कर 1990 रुपये हो गई है, जबकि चेन्नई में यह 1929 रुपये से बढ़कर 2043.50 रुपये तक पहुंच गई है।
कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।
इस बीच मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा सप्लाई को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच यह फैसला लिया गया है। हालांकि केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भरोसा दिलाया है कि भारत में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर किसी तरह की कमी नहीं है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि सरकार की प्राथमिकता नागरिकों को सस्ता और टिकाऊ ईंधन उपलब्ध कराना है और देश में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने भी सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों को खारिज किया है जिनमें पेट्रोल और डीजल की कमी की बात कही जा रही थी। कंपनी के मुताबिक देश में ईंधन की सप्लाई सामान्य है और उपभोक्ताओं को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर पैदा हुई चिंताओं के बावजूद भारत के पास कई स्रोतों से पर्याप्त ऊर्जा आपूर्ति मौजूद है, जिससे देश की जरूरतें आराम से पूरी हो सकती हैं।