रामनवमी पर कचहरी चौक में सेवा शिविर, महापौर रोशनी खलखो ने किया उद्घाटन

Spread the love

रामनवमी के शुभ अवसर पर रांची के कचहरी चौक पर बाबा विद्यापति स्मारक समिति द्वारा भव्य “रामनवमी सेवा शिविर” का आयोजन किया गया। इस सेवा शिविर का उद्घाटन रांची नगर निगम की महापौर श्रीमती रोशनी खलखो ने दोपहर 2:30 बजे किया।


कार्यक्रम के दौरान समिति की ओर से महापौर का पारंपरिक मिथिला पाग, शॉल, पुष्प गुच्छ, बाबा विद्यापति की प्रतिमा एवं मोमेंटो देकर भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर महापौर रोशनी खलखो ने समिति के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की सराहना करते हुए सभी मिथिला वासियों और सनातन धर्मावलंबियों को रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।


समिति के अध्यक्ष जयन्त झा ने महापौर से रांची के प्रसिद्ध सर्कुलर रोड का नाम बदलकर “मां जानकी पथ” करने का आग्रह भी किया। वहीं, रांची नगर निगम के पूर्व उप महापौर संजीव विजयवर्गीय को भी मिथिला पाग, शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया गया कि पिस्का नगरी, रांची में उगना महादेव एवं माता जानकी मंदिर का निर्माण किया जाएगा। समिति ने जानकारी दी कि आगामी 25 अप्रैल को मां जानकी जन्मोत्सव के दिन इस मंदिर का शिलान्यास किया जाएगा।


कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं शोभायात्रा में शामिल राम भक्तों का स्वागत कच्चा चना, गुड़, शरबत एवं शीतल पेयजल से किया गया। इस सेवा कार्य में समिति के कई सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे।


समिति के अध्यक्ष जयन्त झा ने सभी राम भक्तों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा और धार्मिक एकता का संदेश देते हैं।

Leave a Reply