
रांची। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर रविवार को राजधानी रांची स्थित आर्यभट्ट सभागार में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्य निर्वाचन आयुक्त श्रीमती अलका तिवारी ने राज्यवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतंत्र का आधार मतदाता है और लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता का जानकार और सतर्क होना आवश्यक है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी और वर्ष 2011 से इस दिन को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “My India My Vote” तथा टैगलाइन “Indian Citizen at the Heart of Indian Democracy” निर्धारित की है।

उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि मतदाता बिना किसी भय, प्रलोभन, जाति, धर्म, भाषा या समुदाय के भेदभाव से ऊपर उठकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए आयोग नवाचार और तकनीक का निरंतर उपयोग कर रहा है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि मतदाता पंजीकरण एक सतत प्रक्रिया है। पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। 18 वर्ष पूर्ण करने वाले योग्य नागरिक इन तिथियों के अनुसार मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि महिला, पुरुष, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, पीवीटीजी, थर्ड जेंडर सहित सभी मतदाताओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निर्वाचन आयोग प्रतिबद्ध है। राज्य में 2886 इलेक्ट्रोरल लिटरेसी क्लब (ELC), प्रत्येक मतदान केंद्र पर चुनाव पाठशाला तथा 966 वोटर अवेयरनेस फोरम सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का अधिकार तभी संभव है जब मतदाता सूची में नाम दर्ज हो। उन्होंने बताया कि मतदाता बीएलओ, सीईओ की वेबसाइट और वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से आसानी से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने Book a Call सुविधा की जानकारी देते हुए कहा कि मतदाता अपने बीएलओ से संपर्क कर 48 घंटे के भीतर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि राज्य में मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण का प्री-रिवीजन पीरियड चल रहा है, जिसमें 72 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग बीएलओ ऐप के माध्यम से पूर्ण की जा चुकी है। गहन पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर स्टीकर चिपकाएंगे, जिस पर बीएलओ का मोबाइल नंबर और मकान संख्या अंकित रहेगा।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग को अंतरराष्ट्रीय संस्था IDEA की अध्यक्षता का अवसर मिला है तथा झारखंड के पाकुड़ जिले को Best Election District Award के लिए चयनित किया गया है, जो राज्य के लिए गौरव की बात है।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर मुख्य चुनाव आयुक्त का संदेश प्रदर्शित किया गया। समापन भाषण जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री मंजूनाथ भजंत्री ने दिया तथा मतदाता शपथ संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार द्वारा दिलाई गई।

इस अवसर पर वरिष्ठ, युवा एवं ट्रांसजेंडर मतदाताओं सहित विभिन्न जिलों के निर्वाचन पदाधिकारियों एवं कर्मियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में युवा, वरिष्ठ, दिव्यांग एवं ट्रांसजेंडर मतदाता तथा एनएसएस कैडेट कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
