
रांची: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा संचालित राज्य के 82 मॉडल विद्यालयों में कक्षा 6 के सत्र 2026–27 में नामांकन के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। यह परीक्षा झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा राज्य के 19 जिलों के 60 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई।

परीक्षा का आयोजन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया गया। सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों की उपस्थिति समय से पहले ही देखी गई, जिससे छात्रों के उत्साह और अनुशासन का अंदाजा लगाया जा सकता है। परीक्षा पूरी तरह कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराई गई।

यह प्रवेश परीक्षा कुल 100 अंकों की बहुविकल्पीय (MCQ) आधारित थी, जिसमें अंग्रेजी से 30 अंक, गणित से 30 अंक और सामाजिक विज्ञान से 40 अंक के प्रश्न पूछे गए। प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी, जिसके बाद चयनित छात्रों का नामांकन मॉडल विद्यालयों में होगा।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक और अन्य कर्मियों ने समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की। सभी केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा संचालित मॉडल विद्यालयों में कक्षा 6 से 12वीं तक अंग्रेजी माध्यम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है। इन विद्यालयों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आधुनिक और उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
परिषद ने अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए इन मॉडल विद्यालयों में अधिक से अधिक नामांकन कराएं और इस अवसर का लाभ उठाएं।