
रांची: झारखंड में मांस प्रसंस्करण क्षेत्र के विकास और रांची स्थित बेकन फैक्ट्री के पुनरुद्धार को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में झारखंड विधान सभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–राष्ट्रीय मांस एवं पॉल्ट्री अनुसंधान संस्थान (ICAR-NMRI), हैदराबाद और पशुपालन निदेशालय, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के बीच एक सहमति पत्र (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

यह समझौता रांची स्थित बेकन फैक्ट्री के आधुनिकीकरण और पुनरुद्धार के साथ-साथ झारखंड में मांस प्रसंस्करण क्षेत्र के व्यापक विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इस पहल से राज्य में पशुपालन क्षेत्र की बुनियादी संरचना को मजबूत करने और मांस प्रसंस्करण क्षमता को बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि यह एमओयू राज्य सरकार द्वारा संचालित पशुपालन से जुड़ी योजनाओं को मजबूत करेगा और पशुधन क्षेत्र में मूल्यवर्धन को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और इस तरह की पहल किसानों और स्थानीय उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा करेगी।
ICAR-NMRI के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एम. मुथुकुमार ने कहा कि यह सहयोग आधुनिक प्रसंस्करण तकनीकों और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने का अवसर प्रदान करेगा, जिससे झारखंड के मीट सेक्टर में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि बेकन फैक्ट्री का पुनरुद्धार राज्य में मांस प्रसंस्करण उद्योग के विकास के लिए एक उत्प्रेरक की तरह काम करेगा और किसानों, उद्यमियों तथा उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।

समझौते के तहत रांची स्थित बेकन फैक्ट्री के आधुनिकीकरण के लिए तकनीकी विशेषज्ञता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा राज्य में मांस प्रसंस्करण के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा, अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को लागू किया जाएगा तथा स्थानीय उद्यमियों और श्रमिकों के लिए प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही मांस प्रसंस्करण क्षेत्र में विशेष तकनीकी पाठ्यक्रमों के लिए प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की संभावनाओं पर भी काम किया जाएगा।
इस अवसर पर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, कृषि सचिव अबू बकर सिद्दीकी, पशुपालन निदेशक आदित्य कुमार आनंद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
