
रांची: रांची में आयोजित होने वाली भव्य रामनवमी शोभायात्रा के लिए प्रसिद्ध श्री महावीर मंडल रांची महानगर की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। संगठन की बैठक चर्च रोड स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित की गई, जिसकी देखरेख संगठन महामंत्री रविंद्र कुमार वर्मा ने की।
बैठक की शुरुआत पिछले वर्ष के आय-व्यय के विवरण के प्रस्तुतीकरण से हुई, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। इसके बाद सर्वसम्मति से कुणाल अजमानी को अध्यक्ष और मुनचुन राय को महामंत्री चुना गया।

श्री महावीर मंडल रांची महानगर वर्ष 2026-27 में अपने 21वें वर्ष में प्रवेश करेगा। इस अवसर पर रामनवमी महोत्सव को पहले से अधिक भव्य और विशाल रूप में आयोजित करने की योजना बनाई गई है। अष्टमी की रात विभिन्न अखाड़ों और कलाकारों को सम्मानित भी किया जाएगा।
रांची की रामनवमी शोभायात्रा झारखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश में अपनी विशेष पहचान रखती है। हर वर्ष देश के विभिन्न हिस्सों से कलाकार और अखाड़े इस शोभायात्रा में भाग लेने रांची पहुंचते हैं।

नई कार्यकारिणी में कई प्रमुख सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों को भी शामिल किया गया है। मुख्य संरक्षक के रूप में भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, रांची विधायक सी.पी. सिंह समेत कई प्रमुख नाम शामिल हैं।

मुख्य सलाहकार के रूप में महामंडलेश्वर महंत सूर्य नारायण त्यागी जी को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा संगठन में उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी, स्वागत समिति और आयोजन समिति समेत कई पदों पर विभिन्न पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
नई टीम ने कहा कि इस वर्ष रामनवमी की शोभायात्रा को और अधिक भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारी की जाएगी, ताकि यह आयोजन झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत कर सके। इस संबंध में जानकारी श्री महावीर मंडल रांची महानगर के प्रवक्ता बादल सिंह और रोहित शारदा ने दी।