
नववर्ष 2026 के आगमन पर राज्य के कई वरीय प्रशासनिक, पुलिस एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नववर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री से भेंट करने वालों में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के सचिव, उपायुक्त, नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, उप महानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक शामिल रहे। सभी ने नववर्ष के अवसर पर राज्य के समग्र विकास, सुशासन और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

भेंट के दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी पदाधिकारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी के सहयोग, समन्वय और सामूहिक प्रयासों से झारखंड को एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2026 राज्य के लिए विकास, शांति और सामाजिक सद्भाव का नया अध्याय साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक एवं पुलिस तंत्र की भूमिका राज्य की प्रगति में अत्यंत महत्वपूर्ण है और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए सभी को समर्पण भाव से कार्य करना होगा। उन्होंने कामना की कि नया साल सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा राज्य में शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहे।










