
पटना: बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संकेत दिया है कि वह आगामी चुनाव में राज्यसभा सदस्य बनने की इच्छा रखते हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि पिछले दो दशकों से बिहार की जनता ने उन्हें जो विश्वास और समर्थन दिया है, उसी के बल पर उन्होंने राज्य की सेवा की है।

नीतीश कुमार ने अपने ट्वीट में लिखा कि संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनकी इच्छा रही है कि वह बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें। इसी इच्छा को पूरा करने के लिए इस बार वह राज्यसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं।

उन्होंने बिहार की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके साथ यह संबंध आगे भी बना रहेगा और वह एक विकसित बिहार के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए नई सरकार को पूरा सहयोग और मार्गदर्शन देंगे।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि यदि नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं, तो बिहार में भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि इसको लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इस खबर से राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
अब सबकी नजरें आने वाले दिनों में होने वाले राजनीतिक फैसलों पर टिकी हैं, जो बिहार की सत्ता में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।