अब झारखंड में ही होगी मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी, सरकार देगी पूरी सुविधा

Spread the love

झारखंड सरकार ने अनुसूचित जनजाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों के लिए एक ऐतिहासिक पहल की है। कोटा के प्रतिष्ठित मोशन एजुकेशन संस्थान के सहयोग से अब राज्य के विद्यार्थियों को NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग झारखंड में ही उपलब्ध कराई जाएगी।

इस योजना के तहत पहले चरण में लगभग 300 विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। चयन शैक्षणिक योग्यता और निर्धारित मापदंडों के आधार पर किया गया है। कोचिंग कक्षाएं रांची के हिंदपीढ़ी स्थित कल्याण विभाग के भवन में संचालित होंगी। कार्यक्रम का संचालन और पर्यवेक्षण अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा किया जाएगा।

कल्याण मंत्री श्री चमरा लिंडा ने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में राज्य के विद्यार्थियों को अवसर और मंच प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा,

> “हमारा प्रयास है कि झारखंड का कोई भी गरीब विद्यार्थी बेरोजगार होकर न लौटे, बल्कि कुछ बनकर, आत्मविश्वास के साथ लौटे। सरकार की यह पहल हमारे युवाओं को नई दिशा और ऊर्जा देगी।”

मंत्री श्री लिंडा ने कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी के साथ छात्रावास, पुस्तकालय और भोजनालय का निरीक्षण भी किया तथा सभी आवश्यक सुधारों के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आने वाले चरणों में UPSC और Civil Services जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी झारखंड के विद्यार्थियों को दिल्ली भेजने की योजना है।

पहले चरण में इस योजना का लाभ अनुसूचित जनजाति वर्ग को मिलेगा, जबकि आगामी चरणों में SC और OBC वर्ग के विद्यार्थियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि झारखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें दिशा, अवसर और संसाधन देने की जरूरत है। सरकार की यह पहल राज्य के युवाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है

Leave a Reply