रांची नगर निगम व बुंडू नगर पंचायत के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण सम्पन्न, निष्पक्ष सेवा का लिया संकल्प

Spread the love

रांची: रांची नगर निगम एवं बुंडू नगर पंचायत के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह आज समाहरणालय भवन, ब्लॉक-A के कमरा संख्या-207 एवं 608 में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।


इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका), रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने नवनिर्वाचित महापौर, वार्ड पार्षदों, बुंडू नगर पंचायत के अध्यक्ष एवं वार्ड सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।


समारोह के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना के साथ करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रशासनिक पदाधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।


कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया गया। इस मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि नगर विकास, स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।


उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए शहर और क्षेत्र के समग्र विकास में सक्रिय योगदान देंगे।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अपर समाहर्ता रांची, एडीएम (नक्सल), जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी-सह-पंचायती राज पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply