
रांची: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राजधानी रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर परिसर में बाबा विद्यापति स्मारक समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा के लिए “श्रद्धालु सेवा शिविर” का आयोजन किया गया। इस सेवा शिविर का उद्देश्य भगवान शिव के दर्शन के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को आवश्यक पूजन सामग्री उपलब्ध कराना और उनकी सुविधा सुनिश्चित करना था।

समिति द्वारा आयोजित इस शिविर में शिवभक्तों के बीच निःशुल्क कच्चा दूध, फूल, बेलपत्र, धूप, अगरबत्ती, भांग, धतूरा सहित अन्य पूजन सामग्री का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने इस सेवा शिविर की सराहना करते हुए समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।

“श्रद्धालु सेवा शिविर” का उद्घाटन सुबह 7 बजे बाबा विद्यापति स्मारक समिति के अध्यक्ष श्री जयन्त झा एवं महासचिव श्री उदित नारायण ठाकुर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। उद्घाटन के बाद पूरे दिन शिवभक्तों को सेवा शिविर के माध्यम से पूजन सामग्री उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष जयन्त झा, महासचिव उदित नारायण ठाकुर, मृत्युंजय झा, वैद्य मनोज झा, राजेश झा, छवि झा, संतोष मिश्रा, तरुण झा, सुमन झा, विमलेश झा, राजीव रंजन, तरुण गिरी, अंजनी कांत झा, गुड्डू झा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे और शिविर के सफल संचालन में सक्रिय योगदान दिया।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि महाशिवरात्रि जैसे पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के सेवा शिविरों का आयोजन कर श्रद्धालुओं की सेवा जारी रखी जाएगी।
महाशिवरात्रि के अवसर पर पहाड़ी मंदिर परिसर में आस्था और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला, जहां हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे और सेवा शिविर का लाभ उठाया।