गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने लंदन में बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के ऐतिहासिक आवास पर किया नमन ।

Spread the love

लंदन/रांची | 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने लंदन स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के ऐतिहासिक आवास पहुंचकर संविधान निर्माता को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर को मुख्यमंत्री ने अपने जीवन का अत्यंत भावुक, प्रेरणादायी और परम सौभाग्य का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे पावन अवसर पर बाबा साहेब के ऐतिहासिक आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित करना उनके लिए गहरे सम्मान और भावनात्मक अनुभूति का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर की दूरदर्शी सोच, नेतृत्व क्षमता और विचारों ने भारत जैसे विविधताओं से भरे देश को एक सशक्त, समावेशी और लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि समानता, सामाजिक न्याय और समावेशी समाज के उनके विचार आज भी भारतीय लोकतंत्र की सबसे सशक्त आधारशिला हैं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बाबा साहेब ने देश को केवल अधिकारों और बराबरी का संविधान ही नहीं दिया, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सम्मान, गरिमा और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का अधिकार भी सुनिश्चित किया। उनके विचार आज भी देश की नीतियों और सामाजिक चेतना को दिशा प्रदान कर रहे हैं।

इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री ने डॉ. अंबेडकर जी के ऐतिहासिक आवास में रखी गई गेस्ट बुक में अपने भाव और विचार भी अंकित किए।

इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार तथा अंबेडकर म्यूजियम के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply